स्वीटी सुपारी परिवार की अनूठी पहल, स्व. सुरेश चन्द्र अग्रवाल की स्मृति में मेगा हेल्थ...
- 10h ago
वृंदावन। श्री बांके बिहारी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की 17वीं बैठक समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कुल 15 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं, मंदिर प्रबंधन और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में श्रद्धालुओं के लिए सेंट्रलाइज्ड एसी व्यवस्था, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रणाली तथा वृद्धजनों और ब्रजवासियों के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था लागू करने के प्रस्ताव पर गंभीर मंथन किया गया। समिति ने श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इन व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
मंदिर से संबंधित भूमि खरीद-फरोख्त में कथित वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए हाई पावर्ड कमेटी ने सभी संबंधित अभिलेख, बैलेंस शीट और पूर्व बैठकों के मिनट्स तलब किए हैं। इन दस्तावेजों की जांच आगामी 31 जुलाई को आयोजित होने वाली बैठक में की जाएगी। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में मंदिर परिसर की धार्मिक मर्यादा बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। समिति ने मंदिर परिसर में केक काटने और रिंग सेरेमनी जैसी गतिविधियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता बताई।
इसके अलावा मंदिर की गोलक आय, आयकर रिफंड, पुष्प निस्तारण व्यवस्था, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा मंदिर के आसपास से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
समिति ने स्पष्ट किया कि मंदिर की गरिमा, प्रशासनिक पारदर्शिता और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विषयों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर