बांके बिहारी मंदिर हाई पावर्ड कमेटी की 17वीं बैठक, सुगम दर्शन और वित्तीय जांच पर बड़े फैसले

  • 2 days ago
  • 122 views


वृंदावन। श्री बांके बिहारी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की 17वीं बैठक समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कुल 15 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें श्रद्धालुओं की सुविधा, मंदिर प्रबंधन और वित्तीय पारदर्शिता से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में सेंट्रलाइज्ड एसी व्यवस्था, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सिस्टम तथा वृद्धजनों, दिव्यांगों और ब्रजवासियों के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था लागू करने के प्रस्ताव पर गंभीर मंथन किया गया।

वहीं, मंदिर से संबंधित भूमि खरीद-फरोख्त में कथित वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए हाई पावर्ड कमेटी ने सख्त रुख अपनाया। समिति ने सभी संबंधित अभिलेख, बैलेंस शीट और पूर्व बैठकों के मिनट्स तलब किए हैं। इन दस्तावेजों की जांच आगामी 31 जुलाई को होने वाली बैठक में की जाएगी, जिसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

बैठक में मंदिर की गरिमा और धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर में केक काटने और रिंग सेरेमनी जैसी गतिविधियों पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई। इसके अलावा मंदिर की गोलक आय, आयकर रिफंड, पुष्प निस्तारण व्यवस्था, आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा मंदिर के आसपास से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

हाई पावर्ड कमेटी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, मंदिर की गरिमा और प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now