12 दिन बाद दबोचा गया आरोपी: नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

  • 24 days ago
  • 319 views


आगरा में नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना एकता पुलिस ने 12 दिनों से फरार चल रहे आरोपी रामू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पीड़िता को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी रमाडा कट के पास से की गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर करीब 20 हजार रुपये का लालच देकर बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर थाना एकता में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। साथ ही 12 दिनों से लापता पीड़िता को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी क्राइम हिमांशु गौरव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को राहत मिली है। अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now