वृन्दावन में भाई-बहनों ने यमुना में लगाई पवित्र डुबकी, यम फांस से मुक्ति की कामना के साथ मनाया भाई दूज।

  • संवाददाता: राहुल ठाकुर
  • 8h Ago 132 Views


वृंदावन में यम द्वितीया (भाई दूज) का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बुधवार तड़के आरती के बाद प्रसिद्ध केशीघाट और यमुना के विभिन्न तटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के कोने-कोने से पहुंचे भाई-बहनों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर यमुना में पवित्र स्नान किया और यम फांस से मुक्ति तथा अक्षय पुण्य की कामना की।

धार्मिक परंपरा के अनुसार स्नान के बाद बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु की प्रार्थना की और एक-दूसरे को उपहार भेंट किए। इस दौरान केशीघाट स्थित यमुना-धर्मराज मंदिर में दर्शन के लिए भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

मंदिर के पुजारी आचार्य सिद्धार्थ शुक्ला ने यम द्वितीया की पौराणिक मान्यता और द्वापर युग से चली आ रही परंपरा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दिन यमुना स्नान और धर्मराज मंदिर के दर्शन का विशेष धार्मिक महत्व है।

जिन लोगों के सगे भाई-बहन नहीं हैं, उन्होंने तीर्थ पुरोहितों के स्वजनों को भाई-बहन बनाकर इस पावन परंपरा का निर्वहन किया। वहीं पर्व को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now