मथुरा में फर्जी ED अधिकारी बनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, लाल-नीली बत्ती लगी कार समेत कई दस्तावेज बरामद

  • संवाददाता: अक्षय यादव
  • 13h Ago 182 Views


मथुरा। जिले के थाना रिफाइनरी पुलिस ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ED) का अधिकारी बताने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से फर्जी ED अधिकारी बनकर अपना रुतबा जमाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी ED पहचान पत्र, कई अन्य दस्तावेज, तीन मोबाइल फोन और लाल-नीली बत्ती लगी एक कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन पुत्र सुरेश चंद निवासी मोहल्ला धीमरपाड़ा, वार्ड नंबर 04, कस्बा फरह, थाना फरह, जनपद मथुरा के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है।

मामला उस समय सामने आया जब आरोपी क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी के कार्यालय में मिलने पहुंचा। बातचीत के दौरान उससे ED में चयन के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि वर्ष 2023 में UPSC की प्रारंभिक परीक्षा पास की थी, लेकिन मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो सका। इसके बाद प्रतिभा पोर्टल पर असिस्टेंट डायरेक्टर पद के लिए आवेदन किया और उसका चयन हो गया।

आरोपी की बातों पर क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने ED में तैनात अपने परिचित अधिकारियों से जानकारी की तो पता चला कि इस नाम का कोई व्यक्ति विभाग में तैनात नहीं है। जब आरोपी के पहचान पत्र की जांच की गई तो वह फर्जी निकला।

पुलिस के अनुसार, गहन पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब दो वर्षों से अपना रुतबा बनाने के लिए खुद को ED अधिकारी बताता था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now