राधा दामोदर मंदिर में श्रील रूप गोस्वामी पाद का त्रिदिवसीय तिरोभाव महोत्सव शुरू

  • 14h ago
  • 104 views


वृंदावन (मथुरा): ठाकुर राधा दामोदर मंदिर में गौड़ीय वैष्णव परंपरा के महान आचार्य श्रील रूप गोस्वामी पाद महाराज का त्रिदिवसीय तिरोभाव महोत्सव शनिवार से श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ प्रारंभ हो गया। महोत्सव के पहले दिन देशभर से आए संतों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल श्रील रूप गोस्वामी पाद की पावन समाधि पर वैदिक विधि-विधान से पूजन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। वैष्णव आचार्यों के मंत्रोच्चारण, हरिनाम संकीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान हो उठा।

संध्याकाल में राधाकुंड से पधारे संत-महात्माओं के सानिध्य में मंगल घटस्थापना एवं अधिवास समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया और भजन-कीर्तन में सहभागिता कर भगवान राधा-दामोदर की भक्ति का रसास्वादन किया।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, तीन दिवसीय तिरोभाव महोत्सव के दौरान विशेष पूजा-अर्चना, हरिनाम संकीर्तन, श्री रूप गोस्वामी की महिमा पर प्रवचन, वैष्णव ग्रंथों का पाठ एवं महाप्रसाद वितरण जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now