मथुरा में शातिर नकबजन गिरफ्तार, 22 लाख का चोरी का माल बरामद, 459 ग्राम नशीला पदार्थ भी मिला

  • संवाददाता: अक्षय यादव
  • 1d Ago 153 Views


मथुरा के थाना हाईवे पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 22 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया गया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी के पास से 459 ग्राम नशीला पदार्थ अल्प्राजोलम भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही चोरी, नकबजनी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।

दरअसल, थाना हाईवे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 8 नवंबर की शाम करीब 7 बजकर 16 मिनट पर अडूकी जाने वाले रास्ते पर एक खाली प्लॉट के पास से आरोपी श्याम सुंदर को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से औरंगाबाद के शांतिनगर दामोदरपुरा का रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की धातु के एक हार, चार अंगूठियां, दो चेन, चार कंगन और चूड़ियां, एक पेंडल और कान की झुमकी बरामद की हैं। इसके अलावा चांदी की दो जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछुए, चांदी के सिक्के और लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति भी बरामद हुई है। पुलिस ने एक आधार कार्ड और 459 ग्राम अल्प्राजोलम भी बरामद किया है। बरामद चोरी के सामान की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चोरी के मामले में दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अल्प्राजोलम की बरामदगी के मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 से 2023 तक मथुरा के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, चोरी का माल रखने, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now