अयोध्या की तर्ज पर गोवर्धन के 20 घाटों पर सजा दीपोत्सव, हजारों दीपों से जगमगाई मानसी गंगा

  • संवाददाता: खन्ना सैनी
  • 1d Ago 196 Views


धर्मनगरी गोवर्धन में दीपावली के पावन पर्व पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण की पावन लीला स्थली गोवर्धन में नगर पंचायत की ओर से मानसी गंगा के तट पर भव्य दीपोत्सव एवं सामूहिक दीपदान का आयोजन किया गया। अयोध्या की तर्ज पर मानसी गंगा के सभी 20 घाटों को हजारों दीपों से सजाया गया, जिससे पूरा घाट परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। दीपोत्सव में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धार्मिक परंपरा को जीवंत किया।

दीपोत्सव का शुभारंभ प्रख्यात भागवताचार्य श्री मदन मोहन दास जी महाराज एवं नगर पंचायत के अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान सूरज घाट पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से दीपदान किया। घाटों पर हजारों दीप जलते ही मानसी गंगा का नजारा अलौकिक हो उठा और पूरा वातावरण भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गुंजायमान हो गया।

गोवर्धन चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लम्बरदार ने कहा कि गोवर्धन भगवान श्रीकृष्ण की पावन लीला स्थली है और मानसी गंगा का धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व विश्वभर में प्रसिद्ध है। दीपावली पर सभी 20 घाटों पर दीपदान का आयोजन ब्रज की धार्मिक परंपरा और संस्कृति को भव्य स्वरूप देने का प्रयास है। नगर पंचायत का उद्देश्य यहां आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक आयोजनों के माध्यम से दिव्य अनुभूति कराना है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मानसी गंगा भगवान श्रीकृष्ण के मन से प्रकट हुई थीं। कार्तिक मास और दीपावली के अवसर पर यहां दीपदान का विशेष महत्व माना जाता है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दीपदान कर भगवान श्रीकृष्ण से सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में एसडीएम गोवर्धन, अधिशासी अधिकारी संजय सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लम्बरदार, सभासद संजय लवानिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now