मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म पर आवारा गोवंश और श्वानों का आतंक, यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 1d Ago 172 Views


रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन मथुरा जंक्शन की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। धर्मनगरी मथुरा के प्रमुख रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर आवारा गोवंश और श्वान खुलेआम घूमते नजर आ रहे हैं। यह वही प्लेटफार्म है, जहां वीआईपी यात्रियों का आवागमन रहता है और रेलवे के कई अधिकारियों के कार्यालय भी स्थित हैं। पहले बंदरों का आतंक यात्रियों के लिए परेशानी बना हुआ था और अब गोवंश एवं श्वानों की मौजूदगी ने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आपकी टेलीविजन स्क्रीन पर दिखाई दे रहा यह नजारा किसी आम रास्ते का नहीं, बल्कि मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्रमुख प्लेटफार्म नंबर-1 का है। यहां आवारा गोवंश और श्वान बिना किसी रोक-टोक के घूमते दिखाई दे रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि प्लेटफार्म नंबर-1 पर ही रेलवे के अधिकारियों के कार्यालय मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद आवारा पशुओं की आवाजाही पर प्रभावी रोक नजर नहीं आ रही है।

मथुरा जंक्शन एक प्रमुख धार्मिक रेलवे स्टेशन है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। वहीं विशेष पर्वों और धार्मिक आयोजनों के दौरान यात्रियों की संख्या लाखों तक पहुंच जाती है। ऐसे में प्लेटफार्म पर आवारा पशुओं की मौजूदगी यात्रियों के लिए परेशानी के साथ-साथ किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकती है।

हालांकि, जिस समय गोवंश और श्वान प्लेटफार्म पर घूम रहे थे, उस समय यात्रियों की भीड़ कम थी, लेकिन अगर यही स्थिति भीड़भाड़ के दौरान बनी रही तो किसी यात्री के साथ दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर रेलवे प्रशासन इस समस्या पर कब ध्यान देगा? क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है या फिर समय रहते प्लेटफार्म को आवारा पशुओं से मुक्त कराया जाएगा? फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन को इस ओर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now