हाईवे पर तेज रफ्तार कार का कहर: बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर घायल

  • 1 day ago
  • 202 views

मथुरा के छाता थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक चन्दन की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। चौमुहां के थोक जुझार निवासी चन्दन अपने मित्र प्रशांत के साथ रविवार रात कोसी से एक शादी समारोह से लौट रहे थे।

रात करीब 12:15 बजे संस्कृति विश्वविद्यालय के पास दोनों लघुशंका के लिए हाईवे किनारे रुके और मोटरसाइकिल कच्ची पटरी पर खड़ी कर दी। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही तेज रफ्तार काले रंग की कार ने अचानक बाइक और चन्दन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चन्दन के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसका साथी भी घायल हो गया।

राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चन्दन को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। चन्दन की चार वर्ष पहले शादी हुई थी और उसके दो छोटे बेटे हैं। मृतक के चाचा बेदराम ने थाना छाता में लिखित तहरीर देकर आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now