वृंदावन में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, 106 ई-रिक्शा और ऑटो सीज; 650 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई

  • 14h ago
  • 144 views


मथुरा/वृंदावन। वृंदावन में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर नियम विरुद्ध रूट पर संचालित होने वाले ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान 106 ई-रिक्शा एवं ऑटो सीज किए गए, जबकि 167 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 483 वाहनों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम-1988 के तहत कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक यातायात एवं यातायात पुलिस की टीम ने यह अभियान चलाया।

विशेष अभियान शौ सैय्या से प्रेम मंदिर तथा छटीकरा से प्रेम मंदिर मार्ग तक चलाया गया, जहां निर्धारित रूट का उल्लंघन कर रहे ई-रिक्शा और ऑटो चालकों पर कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के साथ-साथ यातायात पुलिस ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित रूट पर ही वाहन चलाने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक भी किया। पुलिस ने पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम के माध्यम से भी चालकों को निर्धारित रूट और नियमों की जानकारी देकर उनका पालन करने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now