तीन साल बाद मिली राहत, प्रशासन ने 3 एकड़ भूमि कराई कब्जामुक्त; भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई

  • 9h ago
  • 152 views


कोसीकलां। तहसील छाता क्षेत्र के थाना कोसीकलां अंतर्गत गांव बठैन में गुरुवार को तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन वर्षों से अवैध कब्जे में रही लगभग 3 एकड़ भूमि को कब्जामुक्त करा दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिससे भूमि स्वामियों को बड़ी राहत मिली।

कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार रूबी यादव, पटवारी प्रियांशु तथा बठैन गेट पुलिस चौकी प्रभारी मुनेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। राजस्व अभिलेखों के आधार पर भूमि की पैमाइश कराई गई और इसके बाद अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान कब्जाधारियों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी और प्रशासन की सख्ती के चलते अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। पूरे समय कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

भूमि स्वामी रोहताश विसोया और विनीत विसोया ने बताया कि उन्होंने यह भूमि करीब तीन वर्ष पहले खरीदी थी, लेकिन कब्जा नहीं मिलने के कारण लंबे समय से परेशान थे। कई प्रयासों के बाद उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई थी। प्रशासन की कार्रवाई से अब उन्हें अपनी जमीन का कब्जा मिल गया है।

नायब तहसीलदार रूबी यादव ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं चौकी प्रभारी मुनेन्द्र सिंह ने कहा कि पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखी और बिना किसी अप्रिय घटना के अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now