स्वर्ण-रजत हिंडोले में विराजे ठा. बांकेबिहारी, दर्शन को उमड़ा भक्तों का सैलाब

  • 1 day ago
  • 13 views


वृंदावन में हरियाली तीज का पावन पर्व शनिवार को पूरे उत्साह, उमंग और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। जग प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में हरियाली तीज के अवसर पर पारंपरिक हिंडोला उत्सव का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान स्वर्ण-रजत हिंडोले में विराजमान ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

हरियाली तीज पर ब्रज के प्रमुख मंदिरों में झूलनोत्सव के तहत झूले सजाने और ठाकुरजी को झूला झुलाने की प्राचीन परंपरा है। लेकिन बांकेबिहारी मंदिर में इस पर्व की विशेष धूम देखने को मिली। सुबह ठाकुर बांकेबिहारी लाल को गर्भगृह से बाहर लाकर करीब 32 फुट चौड़े और 12 फुट ऊंचे विशाल स्वर्ण-रजत हिंडोले में विराजमान कराया गया। उनके दोनों ओर खड़ी सखियां प्रतीकात्मक रूप से ठाकुरजी को झूला झुलाती नजर आईं।

हरियाली तीज के अवसर पर हरे रंग के विशेष महत्व को देखते हुए ठाकुरजी और सखियों को हरे रंग की आकर्षक पोशाक धारण कराई गई। मंदिर परिसर को भी सावन के विभिन्न रंगों और हरियाली से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण बेहद मनमोहक नजर आया। ठाकुरजी को पर्व की विशेष मिठाई घेवर और फैनी का भोग अर्पित किया गया।

वहीं मंदिर के पीछे ठाकुरजी के विश्राम के लिए सुख सेज भी सजाई गई। प्राचीन मान्यता के अनुसार मंदिर के पट बंद होने के बाद ठाकुरजी को यहां विश्राम कराया जाता है।

हिंडोले की तैयारियां पूरी होने के बाद सुबह करीब 7 बजे दर्शनार्थियों के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। पट खुलते ही इस दिव्य दर्शन का इंतजार कर रहे देश-विदेश के श्रद्धालु उत्साह और उमंग के साथ मंदिर में प्रवेश करने लगे।

जैसे ही भक्तों ने अपने आराध्य को स्वर्ण-रजत के भव्य और बेशकीमती हिंडोले में झूलते हुए देखा, उनके आनंद का ठिकाना नहीं रहा। श्रद्धालु भावविभोर होकर जय-जयकार करने लगे और पूरा मंदिर परिसर ‘बांकेबिहारी लाल की जय’ के जयकारों से गूंज उठा।

मंदिर की भव्य सजावट, ठाकुरजी की हरे रंग की पोशाक और स्वर्ण-रजत के आकर्षक श्रृंगार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्ति में सराबोर कुछ श्रद्धालु महिलाओं ने मल्हार गाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

हरियाली तीज पर वृंदावन में आस्था, भक्ति और सावन के रंगों का अद्भुत संगम देखने को मिला और पूरा वातावरण बांकेबिहारी की भक्ति में सराबोर नजर आया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now