फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप, गुड़गांव के कारोबारी ने SSP से लगाई न्याय की...
- 10h ago
आगरा के कालिंदी विहार स्थित नारी निकेतन केंद्र का उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा बबिता चौहान ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में रह रही महिलाओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा बबिता चौहान ने नारी निकेतन में रह रही महिलाओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि वर्तमान में केंद्र में तीन महिलाएं रह रही हैं, जिनमें एक पश्चिम बंगाल, एक कानपुर और एक औरैया की निवासी है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि केंद्र में रह रही महिलाओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाता है। साथ ही साफ-सफाई, भोजन और रहने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इन व्यवस्थाओं को देखकर आयोग की अध्यक्षा ने संतोष व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों को इसी तरह संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बबिता चौहान ने बताया कि कानपुर और पश्चिम बंगाल की महिलाओं के परिजन फिलहाल उन्हें अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं हैं। वहीं औरैया की महिला के मामले में आयोग उसके परिवार से संपर्क कर उन्हें समझाने का प्रयास करेगा, ताकि महिला को सुरक्षित और सम्मानपूर्वक दोबारा परिवार के साथ भेजा जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य महिला आयोग का उद्देश्य केवल महिलाओं को आश्रय उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मानजनक जीवन देना और जहां संभव हो, परिवार से पुनः जोड़ने का प्रयास करना भी है। आयोग ऐसे मामलों में लगातार परिवारों से संवाद कर सकारात्मक समाधान निकालने की दिशा में कार्य कर रहा है।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर