मथुरा में महिला की संदिग्ध मौत! ससुराल बोला- बेटे से चली गोली, मायके का आरोप- पति ने रची हत्या की साजिश

  • 2 days ago
  • 423 views


मथुरा। सदर थाना क्षेत्र की विष्णुधाम कॉलोनी में एक पूर्व सैनिक की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत का मामला तूल पकड़ गया है। ससुराल पक्ष इसे मासूम बेटे के हाथों हुआ हादसा बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने पति पर साजिश के तहत हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पोस्टमार्टम हाउस पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, मृतका नेहा के पति चंद्रवीर सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में ट्रैवल्स का व्यवसाय करते हैं। बताया गया कि उनके एक फौजी मित्र कुछ दिन पहले घर आए थे और अपनी लाइसेंसी पिस्टल बैग में रखकर बाहर चले गए थे। ससुराल पक्ष का दावा है कि इसी दौरान घर में मौजूद छोटे बेटे ने बैग से पिस्टल निकाल ली और मां को दिखाने के दौरान अचानक ट्रिगर दब गया। गोली नेहा के सिर में लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के भाई महेश कुमार और रविंद्र ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए आरोप लगाया कि उनकी बहन की सुनियोजित हत्या की गई है। उनका कहना है कि नेहा को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे मायके वालों से बात तक नहीं करने दी जाती थी। परिजनों का आरोप है कि इतना छोटा बच्चा भारी पिस्टल से गोली नहीं चला सकता, इसलिए यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है।

घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर शव को अपने साथ ले जाने को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामे की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए सदर थाना पुलिस समेत अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया।

एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now