गोवर्धन में पूर्व एसडीएम प्राजक्ता त्रिपाठी की दोबारा तैनाती की मांग, वर्तमान एसडीएम पर गंभीर आरोप

  • 2 days ago
  • 238 views


थुरा। गोवर्धन क्षेत्र के व्यापारियों, किसानों, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूर्व उपजिलाधिकारी प्राजक्ता त्रिपाठी की पुनः गोवर्धन में तैनाती की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्राजक्ता त्रिपाठी के कार्यकाल में प्रशासन पारदर्शी, जनहितकारी और संवेदनशील रहा, जबकि वर्तमान व्यवस्था में लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना पड़ रहा है।

ज्ञापन में दावा किया गया कि पूर्व एसडीएम प्राजक्ता त्रिपाठी ने अपने कार्यकाल के दौरान राजस्व और प्रशासनिक मामलों में निष्पक्षता बनाए रखते हुए आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया। उनके कार्यों से जनता का प्रशासन पर विश्वास मजबूत हुआ और विकास कार्यों में भी तेजी देखने को मिली।

वहीं प्रदर्शनकारियों ने वर्तमान एसडीएम सुशील कुमार सिंह के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं सुना जाता। उनका दावा है कि जब लोग अपनी समस्याएं लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचते हैं तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि शिकायतकर्ताओं से अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है और उन्हें यह तक कह दिया जाता है कि "अगर मेरा ट्रांसफर करवाना है तो करवा दीजिए और यहां से जाइए।"

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गोवर्धन क्षेत्र में श्मशान भूमि, जर्जर सड़कें, जलभराव और अन्य मूलभूत समस्याएं आज भी बरकरार हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि पूर्व एसडीएम प्राजक्ता त्रिपाठी की दोबारा गोवर्धन में तैनाती की जाए और जनता द्वारा लगाए गए आरोपों एवं शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिले और आम जनता का प्रशासन पर भरोसा फिर से मजबूत हो।

नोट: इस समाचार में वर्तमान एसडीएम के संबंध में लगाए गए आरोप ज्ञापन देने वाले लोगों के दावे हैं। इस संबंध में प्रशासन या वर्तमान एसडीएम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now