गोवर्धन की मुड़सेरस ग्राम पंचायत में करीब 10 लाख के फर्जी भुगतान का आरोप, प्रधान-सचिव को नोटिस

  • संवाददाता: आरती शर्मा
  • 1h Ago 63 Views


मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुड़सेरस में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। यहां करीब 10 लाख रुपये के भुगतान में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के निर्देश पर जिला पंचायत और लघु सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने जांच की।

जांच में हैंडपंपों की मरम्मत के नाम पर 8 लाख 58 हजार रुपये और पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना 1 लाख 57 हजार रुपये के भुगतान में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। यानी दोनों मदों में कुल 10 लाख 15 हजार रुपये के भुगतान पर सवाल खड़े हुए हैं।

इतना ही नहीं, सरकारी खड़ंजे से ईंटें उखाड़कर ग्राम प्रधान के घर में लगाने का आरोप भी लगाया गया है। जांच के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। साथ ही निर्माण सामग्री के इस्तेमाल में भी अनियमितताएं सामने आई हैं।

मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव को नोटिस जारी किए गए हैं। दोनों से 15 दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। अब उनके जवाब और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now