देशभक्ति के रंग में रंगा कोसीकलां, प्रभात फेरी से गूंजा शहर; जगह-जगह शान से लहराया तिरंगा

  • 1 day ago
  • 103 views


मथुरा के कोसीकलां नगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया। नगर में जगह-जगह ध्वजारोहण, प्रभात फेरी, पुष्पांजलि और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम नगर पालिका परिसर में आयोजित किया गया। इससे पहले गांधी पार्क से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। प्रभात फेरी के नगर पालिका परिसर पहुंचने के बाद चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण के बाद चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, वीर अब्दुल हमीद, सरदार भगत सिंह सहित देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वीरों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल गुलामी से मुक्ति नहीं, बल्कि अपने विचार व्यक्त करने और समाज को बेहतर बनाने की आजादी भी है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लेखनी की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में आज के ट्विटर और यूट्यूब जैसे संचार माध्यम नहीं थे, फिर भी स्वतंत्रता सेनानियों की लेखनी ने जन-जन में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाई।

कार्यक्रम में ईओ संजय कुमार, लेखाकार योगेंद्र शर्मा, जेई ब्रजेश कुमार, प्रदीप सेन, सुरेंद्र पटवारी और मोहन अग्रवाल सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कोसीकलां में जगह-जगह हुआ ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोसीकलां के विभिन्न सरकारी, शैक्षणिक और सामाजिक संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया। भारत स्वाभिमान न्यास कार्यालय, विद्युत डिवीजन कार्यालय, कोसीकलां रेलवे स्टेशन, बलराम गर्ग जूनियर हाईस्कूल, एसपीएस इंटरनेशनल एकेडमी, जिंदल सॉ पाइप, प्राथमिक विद्यालय गांधी पार्क और जवाहर पार्क विद्यालय में तिरंगा फहराया गया।

इसी क्रम में नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, मंडी समिति, एमडी जैन पब्लिक स्कूल, सेठ एसआर स्कूल, गांधी पार्क कांग्रेस कार्यालय और जवाहर चौक सहित विभिन्न स्थानों पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए।

नगर के अलग-अलग विद्यालयों और संस्थानों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और राष्ट्रगान के जरिए आजादी के पर्व की खुशियां मनाईं। पूरे कोसीकलां में दिनभर राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति का माहौल बना रहा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now