20 साल बाद गांव लौटे परिवार पर हमला, चाचा पर साजिश का आरोप; धमकियों से दहशत में परिवार पहुंचा SSP दफ्तर

  • 2 days ago
  • 155 views


मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के असगरपुर सतोहा में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि करीब 20 साल बाद गांव लौटने के बाद से ही उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। 29 जुलाई को एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर सुनसान स्थान पर ले जाकर लोहे की रॉड और डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई।

पीड़ित जीतू के मुताबिक, वह 29 जुलाई की सुबह आटा लेने के लिए जा रहा था। इसी दौरान नामजद आरोपियों ने उसे कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाकर सुनसान जगह पर मारपीट की। आरोप है कि जब उसकी पत्नी और मां उसे बचाने पहुंचीं, तो दबंगों ने उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लाटूर, मोहित, तिलक, सिद्धू, गिर्राज और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी लाटूर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हालांकि, पीड़ित परिवार का आरोप है कि अन्य आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं और मुकदमा वापस लेने के लिए जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ितों का यह भी आरोप है कि हमले के पीछे परिवार के ही चाचा की भूमिका है और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से परिवार में डर का माहौल बना हुआ है।

धमकियों से भयभीत परिवार शुक्रवार को SSP कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से सुरक्षा तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें अपने और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now