वृंदावन में भक्ति महारानी का 26वां पाठ उत्सव श्रद्धा के साथ संपन्न

वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित विश्व के प्रथम एवं एकमात्र भक्ति महारानी मंदिर में आज अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 26वां पाठ उत्सव अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया।

मंदिर के पुजारी एवं ट्रस्टी माधव कृष्ण चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6:00 बजे भक्ति महारानी के विधिवत अभिषेक से हुई। इसके पश्चात हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने आहुति देकर सुख-समृद्धि की कामना की।

उत्सव के दौरान मंदिर को भव्य फूल बंगले से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। कार्यक्रम के अंत में ब्राह्मण प्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस धार्मिक आयोजन में मुख्य रूप से हरदेव कृष्णा चतुर्वेदी, सहदेव कृष्णा चतुर्वेदी, आशीष चतुर्वेदी, आचार्य आनंद, मोना रावत, आनंद चतुर्वेदी (पिंडारा, मुंबई), सुमित चतुर्वेदी, बसंत चतुर्वेदी एवं कृष्ण चतुर्वेदी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया और अंत में सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया।

पूरे आयोजन में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।