मेहंदी प्रतियोगिता में कुमारी आलिया ने मारी बाजी, प्रथम स्थान हासिल किया

सर्वोदयी ब्राह्मण विकास संस्थान द्वारा भगवान परशुराम के पांच दिवसीय प्रादुर्भाव दिवस के अंतर्गत बुधवार को धोली प्याऊ स्थित शांति बाई इंटर कॉलेज में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 5 से 10 तक के कुल 63 छात्रों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में छात्रों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक मेहंदी डिजाइन प्रस्तुत किए। इसमें कुमारी आलिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गहना ने द्वितीय और अंशिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। सांत्वना पुरस्कार आरती को प्रदान किया गया।

सभी विजेताओं को गिफ्ट पैकेट और पटुका पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं, अन्य सभी प्रतिभागियों को बिस्कुट, चॉकलेट और प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम संयोजिका डॉ. उमा शर्मा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भगवान परशुराम के चरित्र पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व अतिथियों द्वारा भगवान परशुराम के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।