नगर मजिस्ट्रेट ने मंडी व गेहूं क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

मथुरा में नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने कृषि उत्पादन मंडी समिति का औचक निरीक्षण कर गेहूं क्रय केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी परिसर में संचालित कुल 4 गेहूं क्रय केंद्रों के साथ-साथ खाद्य एवं रसद विभाग के एक केंद्र और कृषि उत्पादन मंडी समिति के एक केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराने के निर्देश दिए।

नगर मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गेहूं खरीद कार्य में तेजी लाई जाए और किसी भी किसान को असुविधा न हो। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री के प्रति किसानों को जागरूक करने और भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण का उद्देश्य किसानों की सुविधा बढ़ाना और खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी व सुचारु बनाना बताया गया।