संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की मनाई गई 135 वीं जयंती

मथुरा। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को मथुरा शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। डींग गेट स्थित अंबेडकर भवन में जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान पूर्व मेयर डॉ. मुकेश आर्य बंधु, समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष रितु गोयल, बलदेव विधानसभा के विधायक पूरन प्रकाश, बहुजन समाज पार्टी नेता जितेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

सुबह से ही शहर के विभिन्न स्थानों पर जयंती कार्यक्रम आयोजित किए गए। डींग गेट स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां हर वर्ग के लोग पहुंचकर बाबा साहब को पुष्पांजलि अर्पित करते नजर आए। “जय भीम” के नारों से वातावरण गूंज उठा और लोगों ने उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके आदर्शों को अपनाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया। दिनभर चले आयोजनों के चलते पूरे शहर में जयंती का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।