मथुरा में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 लाख की स्मैक-अल्प्राजोलम के साथ महिला गिरफ्तार

  • 5h Ago 110 Views


मथुरा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना गोविंदनगर पुलिस ने छापेमारी कर एक महिला को भारी मात्रा में नशीले पदार्थों और लाखों रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला के कब्जे से 313 ग्राम अल्प्राजोलम, 27 ग्राम स्मैक और 1 लाख 28 हजार 170 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।

पूरा मामला थाना गोविंदनगर क्षेत्र की राधेश्याम कॉलोनी का है। जानकारी के अनुसार, बिरला मंदिर चौकी क्षेत्र में पुलिस को मुखबिर के जरिए नशीले पदार्थों की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर 23 नवंबर की शाम पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 313 ग्राम अल्प्राजोलम, 27 ग्राम स्मैक और 1,28,170 रुपये की नकदी बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अंसार और शहजाद नाम के दो पुरुषों के साथ दो अन्य महिलाओं के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार महिला के आपराधिक इतिहास की जांच के दौरान उसके खिलाफ थाना जैत में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत पूर्व में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now