गोवर्धन राधाकुंड मार्ग पर गूंजेंगे वैदिक मंत्र, 29 नवंबर से होगा 108 कुंडीय महायज्ञ, बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री का आगमन

  • संवाददाता: खन्ना सैनी
  • 7h Ago 71 Views


राधाकुंड मार्ग स्थित श्रीराधा सर्वेश्वर पीठ पर राधा सर्वेश्वर गौशाला के शुभारंभ के अवसर पर आठ दिवसीय धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। 29 नवंबर से 6 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में 108 कुंडीय श्रीगोपाल महायज्ञ और श्रीमद्भागवत कथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

जगद्गुरु निम्बार्काचार्य राधा मोहन शरण के पावन सानिध्य में होने वाले इस आयोजन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 108 यज्ञ कुंडों में आहुतियां दी जाएंगी। वहीं श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और गौसेवा का संदेश दिया जाएगा।

इस आयोजन में 30 नवंबर को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है। उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

महंत सुदर्शन शरण महाराज के अनुसार, इस धार्मिक अनुष्ठान को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। आयोजन में देशभर से संत-महात्माओं, धर्माचार्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। गोवर्धन की पावन धरा पर आठ दिनों तक वैदिक मंत्रों, श्रीमद्भागवत कथा और भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित होगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now