काशी की देव दीपावली होगी भव्य और दिव्य, 11 लाख दीपों से जगमगाएंगे गंगा घाट, 2100 ड्रोन दिखाएंगे शिव तांडव

  • 5h Ago 79 Views


धर्म और आध्यात्मिकता की नगरी वाराणसी एक बार फिर अलौकिक देव दीपावली की साक्षी बनने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने देव दीपावली 2026 को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। मंगलवार को काशी के गंगा घाटों पर जब 11 लाख से अधिक दीप एक साथ प्रज्ज्वलित होंगे, तो पूरा वातावरण दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए देश-विदेश से 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है।

इस वर्ष देव दीपावली का आयोजन पारंपरिक धार्मिक आस्था के साथ आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम के रूप में देखने को मिलेगा। गंगा के 88 पक्के घाटों, शहर के 103 कुंडों, तालाबों और गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में लाखों दीप जलाए जाएंगे। घाटों पर समितियों और जनसहभागिता के माध्यम से करीब पांच लाख दीप प्रज्ज्वलित होंगे, जबकि गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में 3.5 लाख और शहर के 103 कुंडों पर 2.5 लाख दीप जलाए जाएंगे। मिट्टी और गोबर से बने दीपों से काशी की प्राचीन परंपरा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देखने को मिलेगा।

देव दीपावली का सबसे बड़ा आकर्षण 2100 स्वदेशी ड्रोन का भव्य शो होगा। गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के धरती पर अवतरण से जुड़े मनमोहक दृश्य आसमान में प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ ही चेत सिंह घाट पर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो का आयोजन होगा। वहीं, ललिता घाट के सामने गंगा पार रेतीले क्षेत्र में पर्यावरण अनुकूल हरित आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान शाम 5:15 से 5:45 बजे तक घाटों और गंगा पार के क्षेत्र में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके बाद शाम 6 से 7 बजे तक प्रमुख घाटों पर मां गंगा की भव्य आरती होगी। चेत सिंह घाट पर शाम 7:20 से 7:45 बजे तक लेजर शो और रात 8 से 8:10 बजे तक ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। इसके बाद रात 8:30 से 8:40 बजे तक हरित आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा।

दशाश्वमेध घाट की विश्व प्रसिद्ध गंगा महाआरती को भी विशेष भव्यता प्रदान की जाएगी। गंगा सेवा निधि की ओर से घाट को 21 कुंतल फूल-मालाओं और 51 हजार दीपों से सजाया जाएगा। इस अवसर पर 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं मां गंगा की आरती करेंगी। शंखनाद और डमरुओं की गूंज के बीच होने वाली यह महाआरती कारगिल युद्ध के शहीदों को समर्पित रहेगी। वहीं, गंगोत्री सेवा समिति की ओर से 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक भी किया जाएगा।

श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को भी फूलों, आकर्षक विद्युत झालरों और दीपों से सजाया जाएगा। धाम के विभिन्न स्थलों पर पुष्प रंगोलियां बनाई जाएंगी और श्रद्धालुओं के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा शहर के प्रमुख सरकारी भवनों, होटलों और ऐतिहासिक स्थलों को भी रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जा रहा है।

लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। गंगा घाट क्षेत्र को 20 सेक्टरों और गंगा पार के रेतीले क्षेत्र को 14 सेक्टरों में बांटा गया है, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन और दर्शन सुगम बनाया जा सके। नावों, बजड़ों और क्रूज की बुकिंग में भी भारी मांग देखी जा रही है।

इस वर्ष देव दीपावली के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। इसी विजय की खुशी में देवताओं ने काशी में दीपोत्सव मनाया था। तभी से देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now