कोसीकलां में धूमधाम से निकली प्रभु श्रीराम की भव्य बारात, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पूरा नगर

  • संवाददाता: देवेश गौड़
  • 1d Ago 97 Views


कोसीकलां, मथुरा। नंदबाबा की कोषस्थली कोसीकलां मंगलवार को पूरी तरह राममय नजर आई। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के दूल्हा स्वरूप के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्री रामलीला संस्थान के तत्वावधान में निकाली गई भव्य श्रीराम बारात का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। बैंड-बाजों की मधुर धुन, आकर्षक धार्मिक झांकियों और गगनभेदी जय श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बारात के प्रमुख मार्गों से गुजरने के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

श्रीराम बारात का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, विवेक चौधरी एवं कर्मवीर चौधरी ने भगवान की आरती उतारकर किया। शाम करीब सात बजे तोताराम मंदिर से दूल्हा बने भरत और शत्रुघ्न तथा बग्गी पर सवार राजा दशरथ की भव्य झांकी निकाली गई।

वहीं, गयालाल स्मृति भवन से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और गुरु विश्वामित्र की घोड़ों पर सवार झांकी निकाली गई, जिसका कमल किशोर वार्ष्णेय ने आरती उतारकर शुभारंभ किया। इसके बाद बारात नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई भरत मिलाप चौक स्थित भव्य जनकपुरी पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया।

श्रीराम बारात में शामिल आकर्षक धार्मिक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। मयूर नृत्य, खाटू श्यामजी, मोर पर सवार कार्तिकेय, मां लक्ष्मी, गंगाजी, चूड़ी बेचते श्याम, राधाजी का श्रृंगार करते श्रीकृष्ण, मां सरस्वती, मां दुर्गा, शिव-पार्वती, राजा दशरथ-सुमंत और झांसी की रानी सहित एक दर्जन से अधिक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

झांकियों के दर्शन के लिए रास्तों के दोनों ओर लोगों की भीड़ लगी रही। भगवान श्रीराम के जयकारों और भक्ति संगीत के बीच पूरा कोसीकलां धार्मिक उल्लास में डूबा नजर आया।

रामलीला मैदान पहुंचने पर भगवान श्रीराम और माता जानकी के विवाह की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। इस पावन प्रसंग के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मेला आचार्य मोरमुकुट शर्मा के मंत्रोच्चारण के बीच भगवान श्रीराम और माता जानकी ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई।

जैसे ही वरमाला का पावन प्रसंग संपन्न हुआ, पूरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और माता जानकी के विवाह के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। जनकपुरी में आयोजित विवाह लीला ने उपस्थित भक्तों को रामायण के पावन प्रसंग की याद दिला दी।

विवाह लीला के उपरांत ललित अग्रवाल एवं राकेश अग्रवाल ने राजा दशरथ, गुरु वशिष्ठ, गुरु विश्वामित्र, भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, माता जानकी और राजा जनक के स्वरूपों को भेंट अर्पित कर सम्मान किया।

इस दौरान श्री रामलीला संस्थान के समन्वयक राहुल जैन कामियां, संयोजक खगेंद्र सिंह, अध्यक्ष गिरिराज चौधरी, मंत्री हैप्पी गर्ग, कल्पेश जैन, प्रियांशु, विशाल जायसवाल, कार्तिक चौधरी, पुष्पेंद्र सांगवान, नितेश भारद्वाज, सार्थक शर्मा, हर्ष जैन, अमित जैन, रवि अग्रवाल, विजय शर्मा, निक्की जैन, मोहन दत्त शर्मा, ध्रुव शर्मा एवं अनुराग तायल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा पालिकाध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, संजीव अग्रवाल जाबिया, देशबंधु अग्रवाल, तरुण सेठ, नरेंद्र गुर्जर, सुभाष गोयल, दिनेश बठैनिया, हरिओम गुप्ता, श्यामू अग्रवालिया, पदम जैन और केके अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रीराम बारात में भाग लिया।

भक्ति, आस्था और उल्लास के संग संपन्न हुई श्रीराम बारात ने कोसीकलां को राममय कर दिया। जगह-जगह हुए स्वागत और जनकपुरी में श्रीराम-जानकी विवाह लीला के मनोहारी मंचन ने आयोजन को यादगार बना दिया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now