हाथरस में मिशन शक्ति 6.0 के तहत नारी शक्ति का सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित

  • 1d Ago 93 Views


हाथरस। मिशन शक्ति फेज-6.0 के द्वितीय चरण के तहत बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन हाथरस के सभागार में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण को समर्पित भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति अंजुला सिंह माहौर ने की। इस दौरान महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, शिक्षिकाओं, चिकित्सकों, खिलाड़ियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, महिला सफाई कर्मियों, वार्डन और छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत भी किया गया।

महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन पर जोर

सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि बेटियों को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और बेटियों के सपनों को साकार करने में सहयोग देने का आह्वान किया।

सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए संचालित प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि मिशन शक्ति महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने महिला सशक्तीकरण, स्वयं सहायता समूहों और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने से जुड़े प्रयासों पर भी विचार रखे।

महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिलना जरूरी

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित करने का उद्देश्य उनका उत्साह बढ़ाना और उन्हें भविष्य में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। एक सशक्त और प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए महिलाओं को समान अवसर, अधिकार और सम्मान मिलना आवश्यक है।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच और प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

छात्राओं की प्रस्तुतियों ने दिया बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश

कार्यक्रम में सेठ हरचरण दास गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। जीजीआईसी की छात्राओं ने 'बेटी हूं मैं, बेटी बनूंगी तारा, बनूंगी सहारा' गीत पर नृत्य के माध्यम से बेटियों के महत्व को दर्शाया। वहीं, सेठ हरचरण दास गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने 'सेव गर्ल चाइल्ड' विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान का संदेश दिया। अतिथियों ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के समापन पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुलिस लाइन परिसर में अशोक का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर महिलाओं और बच्चों की सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई।

महिला सुरक्षा के लिए वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सहित अन्य सहायता सेवाओं के बारे में बताया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102 और एंबुलेंस सेवा 108 की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला स्पोर्ट्स अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, महिला पुलिसकर्मी, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और बालिका शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now