ब्रेकिंग न्यूज़: जमीन बिकी, नौकरी गई, मां की मौत हुई... फिर भी पुलिस ने नहीं दर्ज किया मुकदमा

  • 1 day ago
  • 220 views


मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र की विकासनगर कॉलोनी से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने इंसानियत, कानून और व्यवस्था तीनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तेज रफ्तार कार की टक्कर ने न सिर्फ एक महिला की जान ले ली, बल्कि पूरे परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से बर्बाद कर दिया।

बताया जा रहा है कि 8 मई की रात करीब 10 बजे विकासनगर कॉलोनी निवासी 46 वर्षीय पूनम अपने घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार में सवार चार युवक वहां पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि चालक हेमंत, कृष्णा और उनके साथी नशे की हालत में थे और उन्होंने लापरवाही से कार चलाते हुए पूनम को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई पूनम को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार ने उन्हें बचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। इलाज के लिए जमीन तक बेच दी गई, बच्चों की नौकरी छूट गई और जीवनभर की जमा पूंजी खत्म हो गई। परिजनों के अनुसार करीब 40 लाख रुपये इलाज में खर्च हो गए, लेकिन 47 दिनों तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद पूनम ने दम तोड़ दिया।

मामले में नया मोड़ तब आया जब परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के तुरंत बाद आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था, लेकिन थाना हाईवे पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उसे छोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि हादसे के 47 दिन बाद भी मुख्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि प्रभावशाली परिवार से जुड़े होने के कारण आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और अब वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

परिजनों का कहना है कि एक लापरवाह ड्राइविंग ने उनका सब कुछ छीन लिया, लेकिन आज तक उन्हें न्याय नहीं मिला। अब परिवार प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now