रिटायरमेंट पर IG को मिली अनोखी विदाई, आरक्षक ने दांतों से रस्सी पकड़कर खींची अरविंद सक्सेना की कार

  • 11h ago
  • 176 views


ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आईजी अरविंद सक्सेना की सेवानिवृत्ति पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें अनोखे अंदाज में विदाई दी। विदाई समारोह के दौरान एक आरक्षक ने आईजी की फूल-मालाओं से सजी कार के आगे रस्सी बांधी और रस्सी को दांतों से पकड़कर कार को खींचते हुए कार्यालय परिसर से बाहर तक ले गया। इस अनोखी विदाई का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को आईजी अरविंद सक्सेना सेवानिवृत्त हुए। उनके सम्मान में ग्वालियर आईजी कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में डीआईजी असित यादव और ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

विदाई को यादगार बनाने के लिए आईजी अरविंद सक्सेना जिस कार में बैठकर कार्यालय से रवाना होने वाले थे, उसे फूल-मालाओं से सजाया गया। इसके बाद आईजी कार्यालय में पदस्थ आरक्षक सुनील यादव ने कार के आगे रस्सी बांधी और उसे अपने दांतों के बीच दबाकर कार खींचनी शुरू कर दी।

आरक्षक सुनील यादव जब दांतों के सहारे कार को कार्यालय से बाहर की ओर खींच रहे थे, उस दौरान वहां मौजूद पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए। कार के कार्यालय परिसर से बाहर पहुंचने के बाद आरक्षक ने रस्सी छोड़ दी।

आईजी अरविंद सक्सेना की इस अनोखी विदाई का वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिसकर्मियों ने सेवानिवृत्ति के अवसर को यादगार बनाते हुए अपने वरिष्ठ अधिकारी को अलग अंदाज में विदाई दी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now