ब्रेकिंग न्यूज़: प्रेम विवाह की बेटी को मिली खौफनाक ‘सजा’, पिता ने गला घोंटकर की हत्या; ITBP जवान से की थी कोर्ट मैरिज

  • 73d Ago 128 Views


आगरा। ताजनगरी आगरा के जैतपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह करने वाली युवती की कथित तौर पर उसके पिता ने गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान अंकिता शर्मा के रूप में हुई है। अंकिता ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध एक ITBP जवान से कोर्ट मैरिज की थी। पुलिस के मुताबिक इसी शादी को लेकर परिवार में नाराजगी चल रही थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता विमल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के नंदगवा रोड स्थित प्रताप नगर इलाके की बताई जा रही है। अंकिता शर्मा ने इसी वर्ष फरवरी में नहटोली गांव निवासी अमित पचौरी से कोर्ट मैरिज की थी। अमित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस यानी ITBP में तैनात बताए गए हैं। परिवार इस रिश्ते और शादी से खुश नहीं था।

बताया जा रहा है कि कोर्ट मैरिज के बाद अमित अपनी ड्यूटी पर चले गए थे, जबकि अंकिता अपने मायके में ही रह रही थी। शादी को लेकर घर में तनाव बना हुआ था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद ने बाद में खौफनाक रूप ले लिया।

घटना वाली रात घर से चीख-पुकार की आवाज सुनाई देने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पीआरवी और जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घर के अंदर दाखिल हुई तो अंकिता गंभीर अवस्था में मिली। उसके गले पर फंदा कसने के निशान बताए गए। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, घटना से पहले पिता और बेटी के बीच उसकी शादी को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान अंकिता के साथ मारपीट की गई और इसके बाद गले में दुपट्टा या कपड़ा कसकर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस ने मौके से अंकिता के पिता विमल शर्मा को हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी पिता ने बेटी की कोर्ट मैरिज से नाराज होने की बात कही है। पुलिस मामले में परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

घटना के बाद फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घर के अंदर से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या से जुड़े घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ना शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक अंकिता ने स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। लेकिन परिवार की इच्छा के खिलाफ अपनी पसंद के युवक से विवाह करने का उसका फैसला परिवार को मंजूर नहीं था। इसी बात को लेकर परिवार में लगातार नाराजगी और तनाव होने की बात सामने आई है।

मृतका के पति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी पिता से पूछताछ करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के समय घर में कौन-कौन मौजूद था और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका थी या नहीं।

पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। फोरेंसिक साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर हत्या के पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now