पत्रकार पंकज पचौरी के 17 वर्षीय बेटे पर हमला, लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटने का आरोप; वीडियो वायरल

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 7d Ago 189 Views


मथुरा में पत्रकारों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। थाना हाईवे क्षेत्र के लाजपत नगर स्थित एमएस कॉलोनी में पत्रकार पंकज पचौरी के 17 वर्षीय बेटे लकी पचौरी पर कथित तौर पर करीब 40 से 50 लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि लकी को लाठी-डंडों से पीटा गया और बड़े-बड़े पत्थरों से कुचलकर जान से मारने की कोशिश की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और घायल लकी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

घटना 2 अक्टूबर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, लकी पचौरी रोजाना की तरह जिम जाने के लिए निकले थे। आरोप है कि थाना हाईवे क्षेत्र के मनसा टीला के पास कुछ नामजद लोगों सहित कई लोग पहले से मौजूद थे। जैसे ही लकी वहां पहुंचे, आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने पत्थरों से हमला कर लकी को गंभीर चोट पहुंचाने की कोशिश की।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन शिकायत लेकर थाना हाईवे की पन्ना पोखर चौकी पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद तीन दिन तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद गुरुवार रात थाना हाईवे में मुकदमा दर्ज किया गया और लकी का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

पत्रकार पंकज पचौरी के मुताबिक, वह अपने परिवार के साथ मनसा टीला क्षेत्र में रहते हैं। उनका आरोप है कि पड़ोस के कुछ नामजद लोगों के साथ बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और उनके बेटे के साथ मारपीट की। घटना के बाद परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अब सवाल यह है कि नाबालिग पर कथित हमले के मामले में पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है। मामले में आरोपों की पुष्टि और घटना की पूरी परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now