स्वीटी सुपारी परिवार की अनूठी पहल, स्व. सुरेश चन्द्र अग्रवाल की स्मृति में मेगा हेल्थ...
- 10h ago
NEET-UG 2026 री-एग्जाम से ठीक पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। महाराष्ट्र के नागपुर निवासी एक छात्र को भारत की बजाय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया, जिससे छात्र और उसके परिवार की चिंता बढ़ गई।
जानकारी के अनुसार नागपुर के छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब ने आवेदन के दौरान नागपुर, वर्धा और भंडारा को अपनी पसंदीदा परीक्षा शहरों के रूप में चुना था। इतना ही नहीं, उसने मूल NEET-UG परीक्षा भी नागपुर में ही दी थी। लेकिन पुनर्परीक्षा के लिए जारी एडमिट कार्ड में उसका परीक्षा केंद्र अचानक अबू धाबी दर्शाया गया।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि छात्र के पास पासपोर्ट तक नहीं है। ऐसे में विदेश जाकर परीक्षा देना उसके लिए पूरी तरह असंभव था। एडमिट कार्ड देखने के बाद परिवार ने तुरंत NTA से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होते ही एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
विवाद बढ़ने के बाद NTA ने इसे तकनीकी त्रुटि बताते हुए कुछ ही घंटों के भीतर संशोधित एडमिट कार्ड जारी कर दिया और छात्र को नागपुर में ही नया परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया। हालांकि इस घटना ने परीक्षा प्रबंधन व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि केंद्र आवंटन में हुई यह गलती तकनीकी खामी के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
21 जून को होने वाली NEET-UG 2026 पुनर्परीक्षा से ठीक पहले सामने आई इस घटना ने लाखों अभ्यर्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। छात्रों का कहना है कि पहले पेपर लीक और अब केंद्र आवंटन में गड़बड़ी, परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर