हॉस्टल के खाने में कीड़े मिलने का आरोप, 50 छात्राएं पहुंचीं कलेक्टर के पास… जांच के आदेश

  • 12h ago
  • 67 views


सिरोही राजस्थान के सिरोही में ट्राइबल गर्ल्स हॉस्टल की करीब 50 छात्राएं अपनी समस्याएं लेकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचीं। छात्राओं ने हॉस्टल में खाने की गुणवत्ता, साफ-सफाई और रहने की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई। छात्राओं का आरोप है कि उन्हें दिए जाने वाले भोजन में कई बार कीड़े मिलने जैसी स्थिति सामने आई है।

छात्राओं ने हॉस्टल की बुनियादी सुविधाओं और साफ-सफाई को लेकर भी अपनी परेशानी बताई। इसके अलावा उन्होंने वार्डन के व्यवहार को लेकर भी शिकायत की। छात्राओं का कहना था कि समस्याएं बताने के बावजूद उनकी शिकायतों पर उचित ध्यान नहीं दिया गया।

छात्राओं ने जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं। कलेक्टर ने करीब एक घंटे तक छात्राओं की शिकायतें सुनीं और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए।

कलेक्टर ने SDM, तहसीलदार और शिक्षा विभाग के ADPC को बुलाकर मामले की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों की वास्तविकता सामने लाने के लिए जांच कमेटी गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कलेक्ट्रेट पहुंची छात्राओं को बाद में प्रशासन की ओर से करीब चार सरकारी वाहनों से सुरक्षित हॉस्टल वापस भेजा गया। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि छात्राओं की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और हॉस्टल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now