आगरा के जंगल में चल रही थी अवैध असलहा फैक्ट्री, पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा; तमंचे-पिस्टल और हथियार बनाने का सामान बरामद

  • 75d Ago 854 Views


आगरा-फिरोजाबाद बॉर्डर पर छोटा सुरेरा के जंगल में चोरी-छिपे संचालित की जा रही अवैध असलहा निर्माण फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना एत्मादपुर पुलिस ने एसओजी, साइबर सर्विलांस और काउंटर इंटेलिजेंस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी जंगल के सुनसान इलाके में अवैध तमंचे, पिस्टल और अन्य देशी हथियार तैयार करने के साथ पुराने हथियारों की मरम्मत भी करते थे। तैयार हथियारों को मांग के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियार खरीदने वालों की जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में शुभम शर्मा, आदिल, राशिद हुसैन, आसिफ और प्रिंस नागवाड़ी शामिल हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य आगरा के साथ फिरोजाबाद, एटा और आसपास के इलाकों में अवैध हथियारों की सप्लाई करते थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई अवैध तमंचे, एक पिस्टल, कारतूस, अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के उपकरण, गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन, नकदी और असलहा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।

पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि फैक्ट्री में अब तक कितने हथियार बनाए गए, उन्हें किन लोगों को बेचा गया और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह की पूरी सप्लाई चेन खंगाल रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now