आगरा कैंट पर तमिलनाडु एक्सप्रेस में सनसनी, ट्रॉली बैग में मिले सड़े-गले मानव अंग

  • 71d Ago 273 Views


आगरा। चेन्नई से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक लावारिस लाल ट्रॉली बैग से सड़े-गले मानव अंग मिलने के बाद आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। एक यात्री ने बैग से दुर्गंध आने और तरल पदार्थ रिसने की सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी थी।

ट्रेन बुधवार सुबह करीब 5 बजे आगरा कैंट पहुंची। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने जनरल कोच से बैग को उतारकर जांच की। बैग खोलने पर उसमें एक पैर और पेट के हिस्से जैसे मानव अवशेष मिले। अवशेष काफी सड़ चुके थे। पुलिस को शुरुआती तौर पर आशंका है कि मृतक पुरुष हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद होगी।

जांच में एक अहम सुराग भी मिला है। मानव अवशेष जिस पॉलिथीन में लिपटे थे, उस पर ‘चेन्नई’ लिखा हुआ था। इसी आधार पर जांच की कड़ी चेन्नई से जोड़कर देखी जा रही है। जीआरपी ने एक टीम को चेन्नई भेजने और ट्रेन के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने की प्रक्रिया शुरू की है, ताकि पता लगाया जा सके कि बैग ट्रेन में कहां और किसने रखा था।

पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि मामला हत्या के बाद शव के अंगों को ठिकाने लगाने से जुड़ा है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच से मामले में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now