मथुरा के फरह में मिशन शक्ति अभियान, महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा व मुख्यमंत्री अभ्युदय...
- 18m ago
आगरा। उत्तर भारत के प्रसिद्ध जनकपुरी महोत्सव-2026 को इस वर्ष पहले से कहीं अधिक भव्य और दिव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। आयोजन समिति ने इस बार श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम जैसा आध्यात्मिक अनुभव कराने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट क्षेत्र में करीब 16 हजार वर्गमीटर में विशाल जनक महल का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्य मंच तक जाने वाले मार्ग को अयोध्या की तर्ज पर आकर्षक गलियारों, धार्मिक शिल्पकला और भव्य सजावट से संवारा जाएगा। इसके साथ ही पूरे जनकपुरी क्षेत्र में पांच भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे, जहां रामायणकालीन झांकियां श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगी।
आयोजन समिति के अनुसार इस बार जनक महल के साथ-साथ मिथिला संस्कृति, भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग तथा अन्य धार्मिक घटनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों हेतु विशेष वेटिंग एरिया, ई-रिक्शा और गोल्फ कार्ट जैसी व्यवस्थाएं भी प्रस्तावित हैं।
समिति ने आयोजन स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग मांगा है। इसमें सड़क निर्माण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं को समय रहते पूरा कराने की मांग की गई है, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजकों का कहना है कि जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक समरसता का उत्सव है। इस बार का आयोजन भव्यता, व्यवस्थाओं और धार्मिक आकर्षण के मामले में नया इतिहास रचने की तैयारी में है।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर