“DM अंकल गांव में लाइट लगवा दीजिए…” हाथ जोड़कर बच्चों की गुहार, टॉर्च लेकर दिखाया गांव का अंधेरा

  • 3 days ago
  • 112 views


कौशांबी में तीन मासूम बच्चों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बच्चे हाथ जोड़कर जिलाधिकारी से अपने गांव में स्ट्रीट लाइट लगवाने की अपील करते नजर आ रहे हैं। बच्चों का कहना है कि शाम होते ही गांव की गलियां अंधेरे में डूब जाती हैं और गांव के बाहर खेत होने के कारण उन्हें बाहर निकलने में डर लगता है।

मामला मंझनपुर तहसील और सराय अकिल थाना क्षेत्र के चक अहमदीपुर पोस्ट म्योहर गांव का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक बच्चा हाथ जोड़कर कहता है कि गांव के किसी भी खंभे पर लाइट नहीं है। बच्चों ने बताया कि अंधेरा होने के बाद बाहर निकलने में डर लगता है, क्योंकि गांव के बाहर खेत हैं और वहां जानवर भी रहते हैं।

बच्चों ने अपनी परेशानी बताने के साथ गांव की गलियों का वीडियो भी बनाया। एक बच्चा हाथ में टॉर्च लेकर गलियों में घूमता दिखाई देता है और टॉर्च की रोशनी से खंभों को दिखाते हुए वहां स्ट्रीट लाइट नहीं होने की स्थिति बताता है।

वीडियो में बच्चा अपना नाम अश्वनी राव बताता है। बच्चों की यह मासूम अपील सोशल मीडिया के जरिए जिलाधिकारी अमित पाल तक पहुंची। वीडियो का संज्ञान लेते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को गांव की स्थिति की जांच करने और स्ट्रीट लाइट लगवाने के संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, डीएम ने चायल एक्सईएन और कौशांबी बीडीओ को मामले की जांच कर गांव में लाइट लगवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अब बच्चों की इस अपील के बाद प्रशासन की कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now