मथुरा में दुधारू गाय को पीटकर ले जाने का आरोप, CCTV में कैद हुई घटना;...
- 1h ago
नवरात्रि पर्व के मद्देनजर मथुरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम लगातार सक्रिय है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने Blinkit और Zepto सहित कई प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कुट्टू के आटे और घी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि वृंदावन के दो ब्लिंकिट स्टोर से करीब 26 हजार रुपये मूल्य का प्रतिबंधित घी सीज किया गया। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में सतर्कता देखने को मिली।
नवरात्रि के दौरान व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मथुरा-वृंदावन में जांच अभियान चलाया। डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने वृंदावन के चैतन्य विहार, सुनरख और राजपुर के साथ मथुरा के डैम्पियर नगर, टाउनशिप और गोविंद नगर स्थित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान वृंदावन के सुनरख स्थित ब्लिंकिट स्टोर से 18 हजार रुपये और राजपुर स्थित स्टोर से 8 हजार रुपये मूल्य का प्रतिबंधित घी सीज किया गया। टीम ने कुट्टू के आटे और घी के नमूने भी एकत्रित किए, जिन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
इसके अलावा मथुरा के कालीचरण मिठाई वाले के यहां से बादाम मिल्क और छाता स्थित क्रीमबेल इंडस्ट्रीज से आइसक्रीम का नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए होली गेट चौराहे पर सचल खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से जागरूकता अभियान भी चलाया गया। यहां लोगों और खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने तथा मिलावट की पहचान करने के तरीकों की जानकारी दी गई।
नवरात्रि के दौरान व्रत से जुड़े खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का निरीक्षण अभियान जारी है। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर