चंदौली में गूंजा देशभक्ति का जयघोष, विधायक रमेश जायसवाल और जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने निकाली तिरंगा यात्रा

  • 10 days ago
  • 172 views


चंदौली में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विधायक रमेश जायसवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस यात्रा को दोनों नेताओं ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

तिरंगा यात्रा कार्यालय परिसर से शुरू होकर तहसील क्षेत्र से गुजरते हुए वापस अपने निर्धारित स्थान पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति के नारे लगाए। वातावरण राष्ट्रभक्ति के जयघोष से गूंजता नजर आया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गर्व की भावना पैदा करना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा हमें उन महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाती है, जिनकी वजह से आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

विधायक ने जिले के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराएं और स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को उत्सव के रूप में मनाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। तिरंगा देश की आन-बान-शान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।

वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि यह अभियान भावी पीढ़ी को देश की संप्रभुता और अखंडता के प्रति जागरूक करने का एक प्रभावी माध्यम है।

तिरंगा यात्रा के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति गीत, नृत्य और कविता पाठ के माध्यम से लोगों को देशभक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम में सूर्यमुनि तिवारी, संतोष कुमार गुप्ता, जितेंद्र पांडे, निधि तिवारी, डॉ. गीता कुमारी, प्रियंका तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now