सरकारी नौकरी और प्रॉपर्टी के लालच में बेटी बनी मां की कातिल! 7 लाख की सुपारी देकर रची खौफनाक साजिश

  • 4 days ago
  • 203 views


जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, सरकारी नौकरी और प्रॉपर्टी पाने के लालच में एक युवती ने अपनी ही मां की हत्या की कथित साजिश रच डाली। आरोप है कि उसने अपने ताऊ और चचेरे भाई के साथ मिलकर 7 लाख रुपये की सुपारी देकर स्कॉर्पियो से मां को कुचलवाकर हत्या करवा दी। मामले में पुलिस ने बेटी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 3 जुलाई को जयपुर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में हुई। मृतका नीरज शर्मा अपने बेटे को कोचिंग छोड़कर घर लौट रही थीं, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। शुरुआत में मामला सड़क हादसा प्रतीत हुआ, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच में कई संदिग्ध तथ्य सामने आने के बाद पुलिस को हत्या की साजिश का शक हुआ।

जांच में पुलिस का दावा है कि मृतका के पति के निधन के बाद उन्हें अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी मिली थी। आरोप है कि उनकी बेटी इस नौकरी और पारिवारिक संपत्ति पर अधिकार चाहती थी। इसी उद्देश्य से कथित रूप से पूरी साजिश रची गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कई दिनों तक मृतका की रेकी की और फिर योजनाबद्ध तरीके से स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।

पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बेटी, उसके ताऊ, चचेरे भाई समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now