राज्यपाल के बदरीनाथ धाम दौरे को लेकर चमोली पुलिस अलर्ट, सुरक्षा कर्मियों को किया ब्रीफ

  • 18h Ago 87 Views


उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल के 24 अक्टूबर को प्रस्तावित श्री बदरीनाथ धाम भ्रमण कार्यक्रम को लेकर चमोली पुलिस अलर्ट मोड में है। वीआईपी सुरक्षा को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ कर सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

महामहिम राज्यपाल के श्री बदरीनाथ धाम भ्रमण कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट ने सुरक्षा व्यवस्था में नियुक्त पुलिस बल की ब्रीफिंग करते हुए वीआईपी सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

ब्रीफिंग के दौरान सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने और वीआईपी के आगमन से दो घंटे पहले अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए। साथ ही आसपास के क्षेत्रों की जांच करने, वीआईपी से मिलने वाले व्यक्तियों की नियमानुसार चेकिंग और फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा गया।

पुलिस उपाधीक्षक ने ड्यूटी प्रभारियों को अधीनस्थ कर्मचारियों के ड्यूटी कार्ड जांचने और उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को साफ-सुथरी वर्दी पहनने, अनुशासन बनाए रखने और बिना अनुमति निर्धारित ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ने की हिदायत दी।

इसके अलावा वीआईपी भ्रमण के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया।

चमोली पुलिस का उद्देश्य राज्यपाल के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही और दर्शन व्यवस्था को सुचारू रखना है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now