कैंची धाम के जंगलों में आग, सड़क पर गिरने लगे जलते पेड़ और पत्थर - वन विभाग अलर्ट

  • 100d Ago 270 Views


उत्तराखंड के कैंची क्षेत्र में नींब करौरी आश्रम के समीप जंगल में लगी भीषण आग ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे स्थित जंगल में अचानक भड़की आग देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर गई, जिससे आसपास का पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया। आग की लपटें आश्रम के करीब पहुंचने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार बेतालघाट ब्लॉक के हरौली और धनियाकोट गांव से सटे जंगल भी आग की चपेट में आ गए, जिससे जंगल का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो गया। आग के तेजी से फैलने के कारण वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोसी घाटी क्षेत्र में लगातार जंगलों में आग की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे। देर शाम तक जंगलों से धुआं उठता रहा और आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई देती रहीं।

जंगल में लगी आग के कारण जलती हुई पेड़ों की टहनियां और पत्थर सड़क पर गिरने लगे, जिससे रातीघाट-बेतालघाट मोटर मार्ग पर आवाजाही खतरनाक हो गई।

भवाली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए वन विभाग की टीम मौके पर भेज दी गई है और लगातार राहत कार्य जारी है। वहीं कोसी रेंज के रेंजर मनोज भगत ने कहा कि पर्याप्त स्टाफ न मिलने के कारण आग बुझाने में दिक्कतें आ रही हैं, फिर भी वन विभाग की टीमें लगातार आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास कर रही हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now