हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: पानी की टंकी में एक-दूसरे को बचाने उतरे मां और दो बेटों की दम घुटने से मौत

  • 86d Ago 308 Views


उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां घर में बनी पानी की टंकी की शटरिंग खोलने के दौरान एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। पहले बड़ा बेटा टंकी में उतरा, फिर उसे बचाने मां और छोटा भाई अंदर गए, लेकिन ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस के कारण तीनों की दम घुटने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी के गौलापार स्थित मानपुर पश्चिम गांव में मंगलवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया।

जानकारी के मुताबिक, परिवार ने हाल ही में अपने घर में एक पानी की टंकी बनवाई थी। टंकी की शटरिंग हटाने के लिए सबसे पहले बड़ा बेटा अंदर उतरा, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकला। आशंका है कि टंकी के भीतर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस के कारण वह बेहोश हो गया।

बेटे को बचाने के लिए 55 वर्षीय मां सरस्वती देवी तुरंत टंकी में उतरीं, लेकिन वह भी अंदर बेहोश हो गईं। इसके बाद छोटे बेटे ने मां और बड़े भाई को बचाने की कोशिश की, मगर वह भी टंकी में उतरते ही बेहोश हो गया। कुछ ही देर में तीनों की मौके पर ही दम घुटने से मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को बाहर निकालकर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बंद टंकी के भीतर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस बनने की आशंका जताई जा रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now