गैस सिलेंडर लीक से भड़की आग, एक ही परिवार के 7 लोग झुलसे - 4 बच्चे भी घायल

  • 20h ago
  • 185 views


राजस्थान के भिवाड़ी के साथलका गांव में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के 7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोग खाना बनाने की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान गैस सिलेंडर से अचानक रिसाव शुरू हो गया। कमरे में गैस फैलने के बाद आग के संपर्क में आते ही तेज आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से परिवार के सदस्यों को गंभीर चोटें आईं।

हादसे में नेम सिंह, उनकी पत्नी ममता, बृजेश और चार बच्चे झुलसे हैं। घायलों को तत्काल भिवाड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलवर रेफर किया गया। बच्चों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में लोग जलते हुए सिलेंडर को कमरे से बाहर खींचकर दूर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को आसपास के कमरों तक फैलने से रोकने में मदद मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह गैस सिलेंडर से लीकेज मानी जा रही है।

एक ही परिवार के सात लोगों के झुलसने की इस घटना ने गैस सिलेंडर की सुरक्षा और सावधानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now