मथुरा के जंगल में चल रही थी अवैध हथियार फैक्ट्री : पुलिस मौके पर पहुंची तो बदमाश चलाने लगे गोलियां, 1 बदमाश गोली लगने से हुआ घायल
मथुरा के जंगल में चल रही थी अवैध हथियार फैक्ट्री : पुलिस मौके पर पहुंची तो बदमाश चलाने लगे गोलियां, 1 बदमाश गोली लगने से हुआ घायल
एंकर। मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र स्थित धौरेरा के जंगलों में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। मुखबिर ने अवैध हथियार फैक्ट्री चलाए जाने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां अवैध हथियार बना रहे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। जिसमें 1 बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसके दो साथियों ने सरेंडर कर दिया।
थाना जैंत क्षेत्र में वृंदावन के नजदीक धौरेरा गांव के जंगल में 3 व्यक्ति अवैध हथियारों की फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे। यहां यह लोग देसी तमंचा बनाते थे। धौरेरा के जंगलों में हथियार बनाए जाने की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने टीम बनाकर इस अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने और अवैध हथियारों को बना रहे लोगों को पकड़ने का प्लान बनाया।
एसएसपी शैलेश पांडे को मुखबिर ने सूचना दी कि धौरेरा गांव के जंगलों में अवैध हथियार बनाने का काम किया जा रहा है। इस काम को अंजाम अकरम पुत्र खिल्लू,भोला पुत्र गिर्राज व नीरज पुत्र मुन्नालाल अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलने के बाद एसएसपी ने एसओजी व थाना जैंत पुलिस की संयुक्त टीम बनाई और कार्यवाही के निर्देश दिए।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही अकरम, भोला और नीरज ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बचाव करते हुए जवाब में फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की एक गोली अकरम के पैर में जा लगी। अकरम के घायल होते ही भोला और नीरज ने हाथ उठाकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
मुठभेड़ में अकरम के घायल होने और भोला व नीरज के सरेंडर करने के बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल हुए अकरम को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया जबकि भोला और नीरज को थाना जैंत ले गई। जहां दोनों से पूछताछ की जा रही है।
अकरम,भोला और नीरज को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने जंगलों में संचालित अवैध हथियार फैक्ट्री जो कि खुले आसमान के नीचे चल रही थी कि तलाशी ली। पुलिस ने मौके से 15 बने और अधबने तमंचे ,खोखा कारतूस और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा अवैध हथियार बनाने के उपकरण भी पुलिस को मौके से मिले।
