ऑपरेशन दहन के तहत 81 मुकदमों में जब्त 354 लीटर अवैध शराब नष्ट

  • 6 days ago
  • 147 views


मथुरा। जनपद में नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के तहत थाना शेरगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन दहन के अंतर्गत जब्त शराब का नियमानुसार विनिष्टीकरण किया। इस दौरान 81 मुकदमों में जब्त कुल 354 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब नष्ट की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में 9 अक्टूबर 2026 को यह कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी छाता के मार्गदर्शन में थाना शेरगढ़ पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद जब्त शराब के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की।

न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई

थाना शेरगढ़ में आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज कुल 81 अभियोगों से संबंधित जब्त शराब के विनिष्टीकरण के लिए सिविल जज (सीनियर डिवीजन), छाता न्यायालय से आदेश प्राप्त किया गया था। इसके बाद अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) द्वारा गठित टीम की मौजूदगी में शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया।

इन अधिकारियों की रही मौजूदगी

शराब के विनिष्टीकरण के दौरान क्षेत्राधिकारी छाता, नायब तहसीलदार छाता, आबकारी निरीक्षक मथुरा, प्रभारी निरीक्षक थाना शेरगढ़, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) छाता न्यायालय के कार्यालय लिपिक और थाना शेरगढ़ के हेड मोहर्रिर मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन दहन का उद्देश्य जब्त अवैध शराब का नियमानुसार निस्तारण करना और नशामुक्त समाज की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाना है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now