मथुरा में मिशन शक्ति फेज-6.0 का आगाज, महिला सुरक्षा को लेकर निकाला शक्ति मार्च

  • 4 days ago
  • 215 views


शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर मथुरा पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता अभियान की शुरुआत की। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आलोक राज नारायण और सहायक पुलिस अधीक्षक आशना चौधरी के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन मथुरा से शक्ति मार्च निकाला गया।

शक्ति मार्च में महिला पुलिसकर्मियों, पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्राओं और अन्य महिलाओं ने भाग लिया। मार्च के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिला अपराधों की रोकथाम के लिए समाज में जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित मिशन शक्ति टीमें महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें कानूनी अधिकारों तथा सुरक्षा के उपायों की जानकारी दे रही हैं। पुलिस द्वारा छेड़छाड़, उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं के मामले में बिना किसी भय के शिकायत दर्ज कराने और सहायता प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जा रही है।

मथुरा पुलिस का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और समाज में महिला सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now