अखिलेश यादव से मिले अंकित वार्ष्णेय, बांके बिहारी कॉरिडोर से लेकर वृंदावन रेल सेवा तक के मुद्दे उठाए

  • 10h ago
  • 112 views


वृंदावन। वृंदावन की स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी युवजन सभा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अंकित वार्ष्णेय ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वृंदावन के लोगों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। साथ ही इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

मुलाकात के दौरान अंकित वार्ष्णेय ने बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर को लेकर स्थानीय लोगों के सामने आ रही परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान स्थानीय निवासियों की समस्याओं और उनकी सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। इसके साथ ही ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा विकास के नाम पर कराए जा रहे कार्यों से उत्पन्न समस्याओं की ओर भी अखिलेश यादव का ध्यान आकर्षित किया।

अंकित वार्ष्णेय ने वृंदावन रेल सेवा शुरू कराने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अखिलेश यादव से इस मुद्दे को लोकसभा में उठाने का आग्रह किया, ताकि वृंदावन के लोगों और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को रेल यातायात की बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने वृंदावन में यातायात और परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुलाकात के दौरान नगर निगम और विकास प्राधिकरण में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अंकित वार्ष्णेय ने इन मामलों की ओर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का ध्यान आकर्षित करते हुए स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं को उठाया। उन्होंने वृंदावन में विकास कार्यों को लेकर जनता की अपेक्षाओं और स्थानीय लोगों की परेशानियों से भी अवगत कराया।

अखिलेश यादव और अंकित वार्ष्णेय के बीच मथुरा विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के संगठन की स्थिति तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और चुनावी तैयारियों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर बातचीत की गई।

अंकित वार्ष्णेय के अनुसार, मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने जल्द ही वृंदावन आने की बात कही। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

इस मुलाकात को वृंदावन की स्थानीय समस्याओं को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने और आगामी चुनाव से पहले संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now