आगरा में पेट्रोल पंप पर दबंगों का तांडव, कर्मचारियों को पीटा; CCTV में कैद वारदात

  • 73 days ago
  • 192 views


आगरा में बोतल में पेट्रोल देने से मना करना पेट्रोल पंप कर्मचारियों को भारी पड़ गया। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के हाथरस रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर कुछ युवकों ने कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट और पथराव किया। आरोप है कि हमलावरों ने आग बुझाने वाले उपकरणों से भी कर्मचारियों पर हमला किया। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

जानकारी के मुताबिक सोमवार रात इलेक्ट्रिक ऑटो से तीन युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और बोतल में पेट्रोल देने की मांग की। सेल्समैन ने बोतल में पेट्रोल देने से इनकार किया तो विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि विवाद के बाद युवकों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में करीब 10 से 12 युवक मौके पर पहुंच गए और पेट्रोल पंप पर पथराव व तोड़फोड़ शुरू कर दी। कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और पेट्रोल भरवाने पहुंचे कुछ ग्राहकों को भी निशाना बनाया गया।

अचानक हुए हमले से पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में तीन कर्मचारी घायल बताए गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now